पाकबड़ा क्षेत्र निवासी एक मजदूर की शादी 10 अप्रैल को हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 22 अप्रैल की रात दुल्हन घर से गायब हो गई। वह अपने साथ जेवर और नकदी भी ले गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दुल्हन की तलाश शुरू कर दी। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि दुल्हन पाकबड़ा टेंपो स्टैंड पर है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे बरामद कर लिया और थाने ले आई।
• 15 दिन पूर्व जेवर व नकदी लेकर हुई थी फरार, टेंपो स्टैंड पर मिली
• थाने में चली दो घंटे पंचायत, सहमति के बाद मामला निपटा
वहीं, पति और उसके स्वजन को भी थाने बुलाया गया। यहां दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक पंचायत चली, जिसमें आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला। पंचायत के दौरान दुल्हन ने साफ तौर पर पति के साथ जाने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि वह दूसरे युवक के साथ रहना चाहती है और उसी के साथ जाएगी।
दुल्हन ने थाने में ही पति से अलग होने की बात कही और प्रेमी के साथ चली गई। पाकबड़ा इंस्पेक्टर योगेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने लिखित में दे दिया है कि वे एक-दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते। आपसी सहमति से मामला निपटा दिया गया है।


